खून, सत्ता और पैसे की कहानी बैड बॉयज़ भिवानी
ओटीटी प्लेटफॉर्म स्टेज (Stage) पर 14 फरवरी को प्रदर्शित हुई वेब सीरीज **'बैड बॉयज भिवानी' (Bad Boys Bhiwani)** प्रादेशिक मनोरंजन उद्योग में व्यावसायिकता, प्रामाणिकता और उत्कृष्ट कला-कौशल का एक सशक्त उदाहरण बनकर उभरी है। पूर्व में राजस्थानी वेब सीरीज 'परीक्षा' के माध्यम से अपनी निर्देशकीय क्षमता सिद्ध कर चुके विपण मलावत ने इस सीरीज के जरिए हरियाणवी डिजिटल प्लेटफॉर्म को एक अत्यंत परिपक्व और सिनेमाई धरातल प्रदान किया है।
सोनू रोंझिया और अंकित स्टार्क द्वारा लिखित यह पटकथा दर्शकों को अपनी तीव्र गतिशीलता से निरंतर बांधे रखती है। कहानी का ताना-बाना और इसका कसाव किसी भी क्षण दर्शकों का ध्यान भटकने नहीं देता। निर्देशक विपण मलावत ने स्क्रीनप्ले को विजुअल-इमेजरी के जरिए और अधिक धारदार बनाया है। विशेष रूप से सीरीज का क्लाइमेक्स दृश्य, जहाँ एक ओर चार पहिया वाहन में मृत पड़े मीनू का एनकाउंटर के बाद शव ले जाया जा रहा है और ठीक उसी के समानांतर सुमन की विदाई की कार गुजरती है, वह ड्रोन शॉट न केवल तकनीकी दृष्टि से दर्शनीय है बल्कि दर्शकों को गहरे भावनात्मक उद्वेलन से भर देता है।
संवाद-लेखन इस सीरीज का एक प्रमुख आकर्षण है। पात्रों के परिवेश और मानसिक स्थिति के अनुकूल लिखे गए संवाद दृश्य-प्रभाव को दोगुना कर देते हैं। मीनू द्वारा सुमन के विवाह के अवसर पर बोला गया संवाद—“आपनी हथेली पर मेहंदी का ज़ोर ना गेडअ भागवान, दबके मर जागी लकीर मेरे हाथा की”—अत्यंत मर्मस्पर्शी और प्रभावशाली बन पड़ा है।
हरिओम कौशिक की 'ओम फिल्म कास्टिंग' ने सीरीज में पात्र-चयन की एक नई मिसाल कायम की है। हर छोटे-बड़े किरदार के लिए सही चेहरे का चयन यह दर्शाता है कि कास्टिंग केवल भूमिकाएं बांटना नहीं, बल्कि कहानी को यथार्थवादी आधार देना है। एक दृश्य में नेता के पीए के माथे पर झलकता पसीना जैसी सूक्ष्म बारीकियां पेशेवर कास्टिंग की गंभीरता को रेखांकित करती हैं।
अभिनय के धरातल पर अर्चना राव ने मीनू की असहाय माँ के रूप में अत्यंत संवेदनशील और रुला देने वाला प्रदर्शन किया है। वीरू चौधरी और मनीष बिश्ला ने पुलिस अधिकारियों (एसपी एवं एसएचओ) की अपनी पहली हरियाणवी वेब सीरीज में शारीरिक भाषा और देह-बोली के साथ पूर्ण न्याय किया है। प्रतिनायक (विलेन) की भूमिका में राहुल सरोहा का चयन सटीक रहा है, जिनकी स्क्रीन प्रेजेंस आगामी सीज़न के लिए भी उत्सुकता जगाती है। हरिओम कौशिक (घोड़ा), नवीन, अनुप रंगा, अजय सरोहा, अजय कुंडू और कॉमेडियन छवि से इतर नए अंदाज़ में उभरे रामफल ब्रदर्स सहित पूरी स्टारकास्ट ने अपने-अपने चरित्रों को जीवंतता प्रदान की है।
तकनीकी मोर्चे पर राशिक किलानिया का छायांकन (Cinematography) अत्यंत उत्कृष्ट और परिपूर्ण है, जहाँ प्रत्येक फ्रेम को सोच-समझकर रचा गया है। मोहित मोर का संपादन (Editing) सीरीज के प्रवाह को बनाए रखता है, जबकि अभिषेक सैनी का कलर ग्रेडिंग (DI) विजुअल टोन को निखारता है। योगेश भारद्वाज का वीएफएक्स (VFX) कार्य विशेषकर गोलीबारी के दृश्यों को वास्तविक और प्रभावशाली बनाता है।
ध्वनि-संयोजन किसी भी दृश्य की आत्मा होता है; नीरज रोहिला (ध्वनि डिज़ाइनर) और हिमांग पाली (ध्वनि रिकॉर्डिस्ट) ने इस अत्यंत कठिन और समय-साध्य कार्य को असाधारण समर्पण के साथ निभाया है। अंकित द्वारा रचित ए-ग्रेड पार्श्व संगीत (BGM) पहले दृश्य से लेकर अंत तक कथात्मक तनाव और परिवेश को बनाए रखता है। संगीत के क्षेत्र में सोमवीर कथूरवाल की गायकी ने 'मान जांगी' गीत और 'हम हैं बैड बॉयज भिवानी' जैसे शीर्षक व रैप ट्रैक्स के माध्यम से सीरीज में प्राण फूंक दिए हैं।
कला-निर्देशन (Art Direction) और वेशभूषा (Costume) के स्तर पर पवन कौशिक ने अपनी सूक्ष्म समझ का परिचय दिया है। घोड़ा के अड्डे की दीवारों पर लगी बंदूक की तस्वीरों से लेकर एनकाउंटर के बाद मोबाइल पर जमी धूल तक—आर्ट वर्क की सूक्ष्मताएं सराहनीय हैं, यद्यपि एक-दो दृश्यों में रक्त के रंग जैसे छोटे विवरणों पर थोड़ी और बारीकी की गुंजाइश थी। इसके बावजूद, मेकअप और परिधान पात्रों के सामाजिक-आर्थिक परिवेश से पूरी तरह मेल खाते हैं।
निष्कर्षतः, 'बैड बॉयज भिवानी' केवल एक मनोरंजन श्रृंखला नहीं, बल्कि हरियाणा में एक संगठित और पेशेवर फिल्म-मेकिंग संस्कृति के उदय का एक स्पष्ट प्रमाण है, जिसे अपनी उत्कृष्ट कहानी, मर्मस्पर्शी संवादों और कसावट भरे तकनीकी शिल्प के लिए अवश्य देखा जाना चाहिए।