Cinematic Haryana हरियाणा प्रदेश की पहली हरियाणवी सिनेमा वेबसाइट

आज़ाद मंडौरी

राष्ट्रीय लोक गायक एवं कवि

हरियाणा की गायन लोक विधा के एक चर्चित चेहरे हैं जिनका हरियाणा की कला संस्कृति में बहुत महत्वपूर्ण योगदान है। आज़ाद मंडौरी मुख्यतः बृज क्षेत्र हरियाणा से हैं इनकी गायन शैली हरियाणवी एवं बृज भाषा में है। भजन, रागनी, रसिया, पटका, लोक गीत गायन के साथ-साथ ये एक बहुत अच्छे गीतकार भी हैं। गीत संगीत में इनकी विशेष रुचि और वर्षों का अनुभव इन्हें हरियाणवी संगीत जगत में एक अहम मकाम पर ले जाकर खड़ा करता है। आज़ाद मंडौरी का जन्म हरियाणा के जिला पलवल की तहसील हथीन के गांव मंडौरी में हुआ।

उनके पिता का नाम श्री लेखराम तथा माता का नाम श्रीमती केला देवी है। अपनी दसवीं की शिक्षा हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से तथा बारहवीं की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मंडकौला से प्राप्त करने के पश्चात इन्होंने पॉलिटेक्निक से डिप्लोमा किया।

संगीत के प्रति उनका लगाव बचपन से ही रहा है। अपने शुरुआती दौर में वे मुख्य रूप से गीत और भजन लिखते थे तथा गायन नहीं करते थे। धीरे-धीरे संगीत के प्रति उनकी रुचि ने उन्हें लेखन के साथ-साथ गायन के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनकी रचनात्मक यात्रा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे अब तक लगभग 9,623 भजन एवं गीतों की रचना कर चुके हैं। उनकी रचनाओं में भक्ति, लोकजीवन, सामाजिक सरोकार और हरियाणवी संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।

संगीत के क्षेत्र में अपनी शैक्षणिक योग्यता को मजबूत करने के लिए उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्रभाकर (संगीत) की डिग्री प्राप्त की। इसके अतिरिक्त उन्होंने एस.वी.एस.यू. यूनिवर्सिटी पलवल से संगीत में डिप्लोमा भी प्राप्त किया।

आज़ाद मंडौरी ने हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित अनेक सांस्कृतिक एवं लोकसंगीत कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुतियां दी हैं सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले का थीम सॉंग भी लिखा व गाया है और पिछले लगभग नौ वर्षों से इस मेले में लगातार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने हरियाणा के लगभग हर क्षेत्र में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर हरियाणवी लोकसंगीत और लोकपरंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है।

सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष रूप से गीतों का लेखन व गायन रचना एवं रिकॉर्डिंग की है, जिनके माध्यम से स्वच्छता का संदेश आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

हरियाणवी लोकसंगीत के प्रति उनके समर्पण और सांस्कृतिक योगदान को देखते हुए वर्ष 2022 में माननीय राज्यपाल, हरियाणा द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।

आजाद सिंह मंडौरी के संगीत का सफर केवल गायन तक सीमित नहीं है बल्कि उनकी लेखनी, भजन रचना और लोकसंस्कृति के प्रति समर्पण उनकी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वे अपनी कला के माध्यम से हरियाणा की लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और संगीत की समृद्ध पहचान को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।