बाहे

बाहे एक पारिवारिक फिल्म है जो दो भाइयों राम और राजे के रिश्ते, त्याग, विश्वास और विश्वासघात की कहानी को सामने लाती है।

योगेश कौशिक द्वारा लिखित बाहे एक पारिवारिक फिल्म है जो दो भाइयों राम और राजे के रिश्ते, त्याग, विश्वास और विश्वासघात की कहानी को सामने लाती है। बड़ा भाई राम अपने छोटे भाई राजे के बेहतर भविष्य के लिए हर संभव त्याग करता है, उसे पढ़ाता-लिखाता है और जीवन में आगे बढ़ाने का प्रयास करता है, लेकिन अंततः वही भाई उसे धोखा दे देता है। बड़े भाई की बेटी की मृत्यु सहित कई घटनाओं के माध्यम से फिल्म आज के पारिवारिक और सामाजिक परिवेश की जमीनी सच्चाइयों को दिखाने का प्रयास करती है। कहानी का विषय अच्छा है और लेखक का विज़न स्पष्ट दिखाई देता है। भावनात्मक दृश्यों में लेखन प्रभाव छोड़ता है, हालांकि पटकथा कई जगहों पर बिखरी हुई और असंगत महसूस होती है, जिसके कारण कहानी का प्रभाव कुछ कमजोर पड़ जाता है।

निर्देशक आनंद सोलंकी फिल्म के भावनात्मक पक्ष को पूरी तरह उभारने में सफल नहीं हो पाए हैं। कई दृश्यों में तकनीकी और प्रस्तुति संबंधी कमियां नजर आती हैं। कुछ दृश्य अनावश्यक लगते हैं और फिल्म की गंभीरता को कम करते हैं। युवा महोत्सव जैसे दृश्यों में बड़े स्तर का माहौल बनाने की जरूरत थी, जबकि अंतिम दृश्य को भी अधिक प्रभावशाली और भावनात्मक बनाया जा सकता था। निर्देशक और छायाकार के बीच अपेक्षित तालमेल भी फिल्म में नजर नहीं आता

शुभ संधू का छायांकन उनकी क्षमता के अनुरूप नहीं लगता। उन्होंने अपनी पिछली फिल्मों में बेहतर काम किया है, लेकिन बाहे में कई दृश्य साधारण तरीके से फिल्माए गए हैं। राम की बाजू कटने जैसे महत्वपूर्ण दृश्यों को क्लोज़-अप और बेहतर विजुअल ट्रीटमेंट के साथ अधिक प्रभावशाली बनाया जा सकता था। कई स्थानों पर कैमरा एंगल और दृश्य संयोजन कहानी के भावनात्मक स्तर को मजबूत करने के बजाय सामान्य बनाकर छोड़ देते हैं। फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष इसके संवाद हैं। संवाद परिस्थिति, पात्र और भावनाओं के अनुरूप लिखे गए हैं और कई जगह दर्शकों पर गहरा प्रभाव छोड़ते हैं। “साझा और जॉइंट शील्ड का काम एक जैसा होता है” जैसा संवाद पात्रों की सोच और फिल्म के भाव को प्रभावी ढंग से व्यक्त करता है।अभिनय की बात करें तो जगबीर राठी ने अपने करियर के सबसे अच्छे प्रदर्शनों में से एक दिया है। जिन फिल्मों में पहले उनका अभिनय कुछ जगहों पर किरदार से भटकता हुआ नजर आता था, वहां बाहे में उन्होंने खुद को काफी नियंत्रित और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। अदिति राव का अभिनय फिल्म की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। उनके चेहरे के भाव, दर्द और संघर्ष को दर्शाने की क्षमता दर्शकों को भावुक कर देती है। कपिल कठुरवाल ने भी अधिकांश दृश्यों में अच्छा काम किया है और अपने किरदार के साथ न्याय किया है

संगीत फिल्म का एक सकारात्मक पक्ष है। जगबीर राठी, सोमवीर कठुरवाल, शालिनी इस्सर और याचना की गायकी प्रभावशाली है। तरुण हरितास और अशोक वर्मा का संगीत गीतों की भावनाओं को उभारने में सफल रहता है। वहीं बैकग्राउंड म्यूजिक निराश करता है। कई महत्वपूर्ण दृश्यों में संगीत का प्रभाव कमजोर पड़ जाता है और कुछ स्थानों पर स्टॉक म्यूजिक का इस्तेमाल भावनात्मक जुड़ाव को कम कर देता है। विशेष रूप से दुख और संवेदना वाले दृश्यों में बेहतर BGM फिल्म को अधिक प्रभावशाली बना सकता था।

आर्ट डायरेक्शन और एडिटिंग में भी सुधार की काफी गुंजाइश दिखाई देती है। कुछ सेट आवश्यकता से अधिक भव्य लगते हैं, जबकि कई दृश्यों में ट्रांजिशन और ड्यूरेशन का संतुलन प्रभावित होता है। तकनीकी स्तर पर भी कुछ कमियां, जैसे लिप-सिंक की समस्या, दर्शकों का ध्यान आकर्षित करती हैं। कुल मिलाकर बाहे एक ऐसी फिल्म है जो अपनी कहानी, संवादों और कलाकारों के अभिनय के दम पर दर्शकों को प्रभावित करती है। लेखक ने एक सार्थक विषय को ईमानदारी से प्रस्तुत करने का प्रयास किया है, लेकिन निर्देशन, छायांकन, एडिटिंग और बैकग्राउंड म्यूजिक के स्तर पर फिल्म और बेहतर हो सकती थी। कमियों के बावजूद यह फिल्म आज के पारिवारिक रिश्तों की वास्तविकताओं को सामने लाने में सफल रहती है और एक बार देखी जाने योग्य फिल्म बन जाती है।

Scroll to Top